तेल अवीव , जून 24 -- इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बुधवार को कहा कि यदि अमेरिका की तरफ से मांग की भी जाती है, तब भी इजरायल लेबनान से पीछे नहीं हटेगा।
श्री काट्ज ने तेल अवीव में 'मुनी एक्सपो' में कहा, "हमने यह पूरी तरह साफ कर दिया है कि हम किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे। इस समय तक यह हमारी एक राजनयिक उपलब्धि है।अमेरिका की तरफ से इजरायल के लेबनान से पीछे हटने की कोई मांग भी नहीं की गयी है।"इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के सामने इजरायल के इस रुख को स्पष्ट कर दिया है, जबकि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी इस बात से अवगत करा दिया है।
श्री काट्ज का यह बयान ट्रंप प्रशासन की देखरेख में इजरायल और लेबनान के बीच चल रही बातचीत के दूसरे दिन आया है। वह पहले ही कह चुके थे कि इजरायल के सैनिक दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेंगे, लेकिन उनके हालिया बयान ने इस रुख को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित