मुंबई , जुलाई 27 -- अमेरिका के ईरान पर हमले रोकने की घोषणा से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आयी और प्रमुख सूचकांक करीब एक प्रतिशत की ऊपर बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स 776.01 अंक (1.02 प्रतिशत) चढ़कर 76,835.78 अंक पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह इसमें 2,091 अंक की गिरावट दर्ज की गयी थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 228.50 अंक (0.96 प्रतिशत) की बढ़त में 23,995.95 अंक पर रहा। पिछले सप्ताह पांच दिन में यह 566.85 अंक लुढ़क गया था।
अमेरिका ने शांति वार्ता की गुंजाइश बनाने के लिए ईरान पर हमले रोकने की घोषणा की है। इससे दुनिया भर में शेयर बाजारों में तेजी रही।
घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.31 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
चौतरफा लिवाली के बीच सभी सेक्टरों में तेजी रही। निफ्टी आईटी, मीडिया और रियल्टी सेक्टरों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक भी एक से दो प्रतिशत तक मजूबत हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल का शेयर साढ़े पांच प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा। इंडिगो में तकरीबन पांच फीसदी की तेजी रही। इंफोसिस और बजाज फाइनेंस के शेयर पांच प्रतिशत मजबूत हुए। एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा औऱ बजाज फिनसर्व में दो से तीन प्रतिशत तक तेजी देखी गयी।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, टीसीएस, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाइटन और एनटीपीसी के शेयर एक से दो फीसदी तक चढ़े। टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, बीईएल, एलएंडटी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे।
एचडीएफसी बैंक का शेयर नुकसान में रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित