मॉस्को/ कीव , जून 05 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि श्री ट्रंप के साथ उनकी 'फ़ोन पर बहुत अच्छी बातचीत' हुई। उन्होंने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर श्री ट्रंप को बधाई दी और दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध के मोर्चे पर मौजूदा हालात पर चर्चा हुई।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि संघर्ष को खत्म करने की संभावना वास्तविक है और वह श्री ट्रंप के साथ आगामी नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं।
दूसरी ओर, श्री पुतिन ने शनिवार को श्री ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। रूस के राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने यह जानकारी दी है।
श्री उशाकोव ने बताया कि अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन ने श्री ट्रंप को बधाई दी। इस वर्ष दोनों नेताओं के बीच यह चौथी बातचीत थी। यह केवल औपचारिक शिष्टाचार वार्ता नहीं थी, बल्कि इस दौरान द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर गंभीर एवं रचनात्मक चर्चा हुई।
श्री उशाकोव के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन ने बातचीत के दौरान यूक्रेन संघर्ष के मोर्चे की मौजूदा स्थिति से श्री ट्रंप को अवगत कराया और कहा कि रूसी सेना पूरे संपर्क क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यूक्रेन संघर्ष की स्थिति और जमीनी हालात को लेकर यूरोपीय देशों की धारणा वास्तविकता से मेल नहीं खाती है।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में सैन्य-राजनीतिक तथा आर्थिक क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर नियमित संवाद बनाये रखने के महत्व पर बल दिया।
श्री उशाकोव के अनुसार श्री ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष का शीघ्र समाधान दोनों देशों के बीच संभावित पारस्परिक लाभकारी सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित