वॉशिंगटन , मार्च 31 -- अमेरिका के यु्द्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष में अमेरिका का "मुख्य" लक्ष्य एक ऐसा समझौता हासिल करना है जो युद्ध को समाप्त कर सके।

श्री हेगसेथ ने पेंटागन में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा, "हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि हम ईरान को इस बात का अहसास कराएं कि वर्तमान शासन के लिए समझौता करना ही बेहतर विकल्प है। हम इस दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं, लेकिन प्राथमिक प्रयास समझौते पर ही है।"उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि यह समझौता हर संभव स्थिति में हो, अन्यथा हम आगे भी कार्रवाई जारी रखने के लिए तैयार हैं।" हेगसेथ ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान में अमेरिकी उद्देश्यों की पूर्ति और समझौते का समय तय करना पूरी तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्णय पर निर्भर करेगा।

युद्ध मंत्री हेगसेथ ने संयुक्त चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन के साथ 12 दिनों के अंतराल के बाद पहली बार संयुक्त प्रेस वार्ता में ये बातें कहीं।

श्री हेगसेथ ने बताया कि उन्होंने सप्ताहांत में अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) का दौरा किया और सैनिकों से मुलाकात की, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्होंने किन ठिकानों का दौरा किया। उन्होंने दावा किया कि ईरान में "शासन परिवर्तन हो चुका है" और नया शासन "पहले से अधिक समझदार" होना चाहिए।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिका को जानकारी है कि प्रतिद्वंद्वी देश ईरान को अमेरिकी सैन्य संसाधनों से संबंधित खुफिया जानकारी मुहैया करा रहे हैं। यह टिप्पणी सऊदी अरब स्थित एक एयरबेस पर ईरान द्वारा अमेरिकी वायुसेना के ई-3 सेंट्री विमान को नष्ट किए जाने के बाद सुरक्षा उपायों पर पूछे गए सवाल के जवाब में की गई।

श्री हेगसेथ ने कहा, "सैन्य सिद्धांतों में एक प्रमुख सिद्धांत यह है कि पूर्वानुमेय पैटर्न से बचा जाए। इसलिए हमारे कमांडर वास्तविक समय में तैनाती और रणनीति में बदलाव कर रहे हैं, ताकि संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके और उन्हें आसानी से निशाना न बनाया जा सके।"मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रूस ईरान को अमेरिकी सैनिकों, जहाजों और विमानों की स्थिति से संबंधित खुफिया जानकारी उपलब्ध करा रहा है। वहीं, यह भी संकेत मिले हैं कि चीन ईरान को वित्तीय सहायता, स्पेयर पार्ट्स और मिसाइल घटक प्रदान करने की तैयारी कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित