नोएडा , सितंबर 08 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के फेस-वन थाना क्षेत्र में ऑनलाइन तकनीकी सहायता के नाम पर अमेरिका और कनाडा के ग्राहकों से कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया और इस मामले में कंपनी संचालक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने विज्ञप्ति में सोमवार शाम कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि चार सितंबर को फेस-वन थाना क्षेत्र में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच के दौरान सामने आया कि सेक्टर-3 नोएडा में संचालित कंपनी के कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से अमेरिका और कनाडा के ग्राहकों से संपर्क करते थे। ग्राहक का विश्वास जीतने के लिए आरोपी स्वयं को अमेरिकी नागरिक बताते थे और माइकल, जेम्स आदि नामों का इस्तेमाल करते थे। कंपनी के कर्मचारी खुद को अमेरिकी नागरिक बताते हुए ग्राहकों को प्रिंटर इंस्टॉलेशन और अन्य तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने का झांसा देते थे।

जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी ग्राहकों को प्रिंटर इंस्टॉलेशन एवं अन्य तकनीकी सेवाएं देने की बात कहकर उनके सिस्टम का एक्सेस प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद सिस्टम को ठीक करने के नाम पर निर्धारित फीस के तौर पर करीब 10 से 15 डॉलर लिए जाते थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर उनकी अनुमति के बिना अतिरिक्त 30 से 40 डॉलर भी निकाल लिए जाते थे।

पुलिस ने कंपनी के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कंपनी मालिक याहया पुत्र मोहम्मद जकरिया से कहा था। कंपनी मालिक द्वारा हालांकि मौके पर कंपनी संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। मामले में फेस-वन थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले से संबंधित छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। बरामदगी में दो अलग-अलग कंपनियों के सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस, हेडफोन तथा एक लैपटॉप शामिल हैं।

पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, ऑनलाइन गतिविधियों तथा कथित तौर पर ठगी के शिकार ग्राहकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल गतिविधियों की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित