वाशिंगटन , जून 13 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि ईरान के साथ एक नए ऐतिहासिक शांति समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किए जायेंगे।

उन्होंने ट्रुथ सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में लिखा कि इस समझौते पर हस्ताक्षर होने के तुरंत बाद सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण 'होर्मुज जलडमरूमध्य' को सभी के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ उनका यह नया समझौता परमाणु हथियार की राह में एक अभेद्य दीवार की तरह काम करेगा। उनके अनुसार,अब ईरान न तो परमाणु हथियार चाहता है और न ही भविष्य में कभी इसे हासिल कर पाएगा, चाहे खरीद के जरिए, विकास के जरिए या किसी अन्य माध्यम से।

राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उनके कार्यकाल में ईरान के साथ अमेरिका के संबंध पिछले प्रशासनों की तुलना में कहीं अधिक अलग और बेहतर हुए हैं। उन्होंने साफ किया कि इस नए सौदे के तहत दोनों देशों के बीच किसी भी तरह के धन का लेन-देन नहीं होगा। भविष्य की रणनीति का खुलासा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सही समय आने पर जब सब कुछ पूरी तरह शांत होगा। अमेरिकी सेना देश के बेहतरीन बी-2 बॉम्बर्स और उनके पायलटों की मदद से गहरे ग्रेनाइट पहाड़ों के नीचे दबी परमाणु सामग्री को बाहर निकालेगी और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा,चाहे वह ईरान में हो या संयुक्त राज्य अमेरिका में।

उन्होंने उम्मीद जताई कि वे ईरान और पूरे मध्य पूर्व के साथ भविष्य में लंबे समय तक मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने अंत में कहा कि यदि यह प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे नहीं बढ़ती है,तो अमेरिका के पास अंतिम विकल्प हमेशा तैयार है, जिसका वे उम्मीद करते हैं कि कभी दोबारा इस्तेमाल न करना पड़े।

अपने बयान राष्ट्रपति ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुए ईरान परमाणु समझौते की भी खिल्ली उड़ाई। उन्होंने दावा किया कि श्रीओबामा का किया गया वह समझौता ईरान के लिए परमाणु हथियार हासिल करने का एक बेहद आसान और सुगम रास्ता था, जिसके चलते ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार आ गया होता और वह अब तक इसका इस्तेमाल भी कर चुका होता।

उन्होंने ओबामा प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय ईरान को 1.7 बिलियन डॉलर की नकद राशि सहित सैकड़ों अरबों डॉलर का भुगतान किया गया था, जिसके विपरीत उनके नए समझौते में किसी पैसे का लेन-देन नहीं हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित