तेहरान/बुर्गेनस्टॉक , जून 21 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया धमकियों के बाद स्विट्जरलैंड के बुर्गेनस्टॉक में चल रही अमेरिका-ईरान वार्ता फिलहाल ठहराव की स्थिति में पहुंच गयी है, हालांकि बातचीत पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, वार्ता प्रक्रिया से जुड़े एक ईरानी सूत्र ने बताया कि दोनों पक्षों को फिर से वार्ता की मेज पर लाने के लिए बैकचैनल संपर्क जारी हैं।
इस बीच, ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकिर गालिबाफ ने श्री ट्रंप की टिप्पणियों को अमेरिका की "हताशा" करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। श्री ट्रंप ने रविवार को वार्ता दल को चेतावनी देते हुए कहा था कि समझौता नहीं होने की स्थिति में अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण करने की दिशा में कदम उठा सकता है।
श्री गालिबाफ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "अगर उनकी धमकियां वास्तव में कारगर होतीं तो आज उन्हें इस स्तर की हताशा का सामना नहीं करना पड़ता।"उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी धमकियों को गंभीरता से नहीं लेता और देश की सशस्त्र सेनाएं किसी भी परिस्थिति का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित