बर्गनस्टॉक (स्विट्जरलैंड) , जून 21 -- अमेरिका-ईरान के बीच स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में चल रही ऐतिहासिक वार्ता के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बड़ा बयान दिया है।

इजरायल-हिजबुल्ला के बीच जारी संघर्ष से पैदा हुई जटिलताओं के बावजूद श्री वेंस ने लेबनान की स्थिति पर संतोष जताते हुए कहा, "लेबनान को लेकर हम जिस स्थिति में हैं, मुझे वह बहुत बेहतर लग रही है और पिछले कुछ दिनों में इस दिशा में काफी अच्छी प्रगति हुई है।" उन्होंने साफ किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरे क्षेत्र में पूर्ण युद्धविराम देखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी व्यापक समझौते के लिए लेबनान में जारी लड़ाई को तुरंत रोकने की शर्त रखी है, जबकि दूसरी ओर इजरायल का कहना है कि वह अमेरिका-ईरान के बीच होने वाले किसी भी युद्धविराम समझौते से बंधा नहीं है।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, बैठक के शुरुआती सत्र को संबोधित करते हुए श्री वेंस ने बातचीत में मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान और कतर के नेताओं का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की भी सराहना की, जिन्होंने नेताओं को इन तमाम मुद्दों का राजनयिक समाधान खोजने का अधिकार दिया।

श्री वेंस ने दावा किया, "होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना और ईरानी परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करना, ये चीजें पहले ही हासिल की जा चुकी हैं। अब हमारे सामने सवाल यह है कि हम मिलकर और कितना कुछ हासिल कर सकते हैं? क्या हम नये अध्याय की शुरुआत कर सकते हैं या फिर हम पुराने ढर्रे पर ही लौट जायेंगे, जो बिल्कुल हमारी पसंद नहीं है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका बेहद सामान्य लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और कूटनीति के जरिये पश्चिम एशिया की तस्वीर बदलना चाहता है, जहां हर कोई शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम कर सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित