, June 3 -- माॅस्को, 03 जून (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका और ईरान ने रात भर एक-दूसरे पर नए हमले किए जिसमें अमेरिका ने एक ईरानी तेल टैंकर को निष्क्रिय कर दिया और केशम द्वीप पर ईरानी ठिकानों पर हमला किया। उधर ईरान ने दावा किया कि उसने कुवैत में एक अमेरिकी एयरबेस और बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय पर जवाबी मिसाइल एवं ड्रोन हमले किए।
अमेरिकी केंद्रीय कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में स्थित ईरान के एक रणनीतिक द्वीप, क़ेश्म द्वीप पर आत्मरक्षा में हमला किया। उसने कहा कि ये हमले तब किए गए जब ईरान ने क्षेत्रीय पड़ोसी देशों को निशाना बनाने के लिये ड्रोन एवं बैलिस्टिक मिसाइलों का जमकर इस्तेमाल किया ।
सेंटकॉम ने यह भी घोषणा की कि उसने बोत्सवाना के झंडे वाले तेल टैंकर को नियमों का पालन नहीं करने के कारण रोक दिया है, जब वह अरब खाड़ी में स्थित एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने पुष्टि की है कि उसने अमेरिका की आक्रामकता और होर्मुज़ जलडमरूमध्य के नियमों के उल्लंघन का जवाब दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित