दोहा , सितंबर 01 -- कतर ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के मुद्दे का समाधान नहीं होने के कारण ईरान और अमेरिका के बीच हालिया तनाव बढ़ा है और संघर्ष का फिर भड़कना किसी के हित में नहीं है।
हाल के दिनों में शत्रुता फिर शुरू होने के बारे में पूछे जाने पर कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. माजिद अल-अंसारी ने कहा कि दोहा ने "पहले दिन से" चेतावनी दी थी कि जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के सवाल का समाधान नहीं होने से "क्षेत्र में तनाव बढ़ेगा और हमने कल और आज यही देखा है।" उन्होंने कहा, "यह तनाव किसी के लिए लाभदायक नहीं होगा। इस तनाव से हम सभी प्रभावित हो रहे हैं।"डॉ अल-अंसारी ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और बातचीत फिर शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोहा वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों के साथ अपने मध्यस्थता प्रयासों को तेज कर रहा है। उन्होंने कहा, "इसलिए हम पक्षों से सबसे पहले विवेक से काम लेने और वार्ता के रास्ते पर लौटने का आग्रह करते हैं तथा हम इस रास्ते पर वापसी सुनिश्चित करने के लिए अपने मध्यस्थता साझेदारों के साथ अपने प्रयास जारी रखते हुए उन्हें और तेज कर रहे हैं।"उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह तेहरान की यात्रा के दौरान कतर के विदेश मंत्री ने कूटनीति के प्रति दोहा की प्रतिबद्धता दोहरायी थी और संकट के राजनीतिक समाधान की तलाश के लिए समर्थन व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि कतर पाकिस्तान और ओमान समेत अन्य मध्यस्थों के साथ भी संपर्क में है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान या ओमान में हमारे मध्यस्थता साझेदारों के साथ बातचीत अभी भी जारी है और हम इन संपर्कों को आगे बढ़ा रहे हैं।"डॉ अल-अंसारी की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति भवन के उस बयान के बाद आयी है जिसमें कहा गया था कि फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है और इसे फिर शुरू करने की भी कोई योजना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित