हवाना , जुलाई 03 -- क्यूबा के विदेश उप मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने कहा है कि अमेरिकी सरकार क्यूबा के साथ द्विपक्षीय स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों को समाप्त करने के लिए दुनिया भर की सरकारों पर दबाव बना रही है।

उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर लिखा कि इन कार्यक्रमों को समाप्त करने का असर 'कई समुदायों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच से वंचित करना' रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अन्य सरकारों पर क्यूबा की आर्थिक नाकेबंदी के खिलाफ अपने पारंपरिक रुख को बदलने, यहां तक कि संयुक्त राष्ट्र में इस मुद्दे पर चर्चा करने से इनकार करने के लिए भी दबाव बना रहा है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के क्यूबा को ईंधन निर्यात करने पर लगाये गये प्रतिबंध का पालन करने के लिए वह अन्य सरकारों पर पहले से ही सफलतापूर्वक दबाव बना रहा है।

क्यूबा के अधिकारियों ने अमेरिका की ऊर्जा नाकेबंदी की बार-बार निंदा करते हुए इसे जनसंहार और सामूहिक दंड का रूप करार दिया है, जिसके कारण दैनिक रूप से लंबे समय तक बिजली कटौती, परिवहन की कमी और आर्थिक गतिविधियों में बाधाएं उत्पन्न होती हैं।

ईंधन आयात पर अत्यधिक निर्भर रहने वाले क्यूबा को पिछले छह महीनों में केवल एक ही तेल टैंकर मिला है, जब रूसी पोत अनातोली कोलोदकिन लगभग 100,000 टन कच्चा तेल लेकर आया था।

आधिकारिक स्रोतों के अनुसार, क्यूबा को सामान्य रूप से काम करने के लिए प्रति माह लगभग आठ ईंधन टैंकरों की आवश्यकता होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित