वाशिंगटन , अप्रैल 02 -- अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने नाटो के पूर्वी मोर्चे और हाई नॉर्थ क्षेत्र में "स्वॉर्ड 26" नामक सैन्य अभ्यास आयोजित करने की घोषणा की है।
अमेरिकी सेना यूरोप और अफ्रीका (यूएसएआरईयूआर-एएफ) ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि अमेरिकी और सहयोगी सेनाएं अप्रैल के अंत से मई 2026 तक हाई नॉर्थ, बाल्टिक क्षेत्र और पोलैंड में शृंखलाबद्ध अभ्यास करेंगी, जिनका उद्देश्य जमीनी क्षेत्र में विश्वसनीय प्रतिरोध क्षमता का प्रदर्शन करना है।
इन अभ्यासों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कमान एवं नियंत्रण प्रणाली, काउंटर-ड्रोन तकनीक और मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस जैसी उन्नत क्षमताओं का परीक्षण किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि इससे नाटो की संयुक्त सैन्य क्षमता और मारक क्षमता को और सुदृढ़ किया जाएगा।
"स्वॉर्ड 26" अभ्यास के तहत एस्टोनिया, फिनलैंड, जर्मनी, इटली, लिथुआनिया, नॉर्वे, स्वीडन और पोलैंड में सैन्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभ्यासों में लाइव-फायर ड्रिल, सामरिक सड़क मार्च, साइबर अभियान, फोर्स-ऑन-फोर्स अभ्यास, पेट्रियट मिसाइल प्रशिक्षण और घायल सैनिकों की निकासी (कैजुअल्टी एवैक्यूएशन) जैसे अभियान शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित