अमेठी , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे 250 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

विकासखंड शुकुल बाजार के ऊंचगांव और सेवरा गांवों के निकट एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 58 के पास प्रस्तावित इस परियोजना के प्रथम चरण में 148 हेक्टेयर भूमि के क्रय एवं अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष 102 हेक्टेयर भूमि के क्रय की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी है।

जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के प्रथम चरण में 148 हेक्टेयर भूमि के क्रय एवं अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। दूसरे चरण में शेष 102 हेक्टेयर भूमि के क्रय की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को भूमि संबंधी कार्यवाहियों में समन्वय बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत परियोजना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होने से अमेठी में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। यहां औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही व्यापार, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट स्थित होने के कारण प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को माल परिवहन और औद्योगिक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे उद्योगों को परिवहन संबंधी सुविधाएं मिलने और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होने की संभावना है।

प्रदेश सरकार औद्योगिक आधारभूत संरचना के विकास, निवेश को प्रोत्साहित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। अमेठी में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। परियोजना के विकसित होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नीतेश राज, तहसीलदार मुसाफिरखाना राहुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित