अमेठी , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' अभियान के तहत पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने गुरुवार को बताया कि मोहनगंज थाना पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त इजहार उर्फ मुंशीर निवासी रस्तामऊ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आधार कार्ड एवं पासपोर्ट बनवाकर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। उसने संगठित तरीके से कई लोगों से धन उगाही की। मामले में आरोपी के भाई खुर्शीद खान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया कि इजहार उर्फ मुंशीर ने कूटरचित तरीके से अपना पता बदलकर नया आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवाया तथा विदेश जाने की तैयारी कर रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पांच अलग-अलग व्यक्तियों से करीब 3.90 लाख रुपये वसूले और दुबई स्थित एक कंपनी के नाम पर फर्जी जॉइनिंग लेटर भी तैयार किए। पैसा वापस मांगने पर वह गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित