अमेठी , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी में मंगलवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में फंदे पर लटका मिला। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जायस थाना क्षेत्र के पूरे तोमड़ गांव निवासी दिव्या (21) ने करीब पांच वर्ष पूर्व कासिमपुर निवासी रमजान अली उर्फ फुलरू से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद ससुराल पक्ष ने उसका नाम बदलकर फिजा बानो कर दिया था। मंगलवार को दिव्या उर्फ फिजा बानो का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
मृतका की मां आरती देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे और उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले भी विवाद हुआ था और उनकी बेटी ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। उसने आशंका जताई थी कि ससुराल वाले उसे मार डालेंगे। हालांकि रिश्तेदारों के समझाने पर उसकी विदाई कर दी गई थी।
प्रभारी निरीक्षक जायस अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आरती देवी की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित