अमेठी , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सावन के तीसरे सोमवार पर मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के कोछित स्थित श्री दंडेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ यात्रा के दौरान जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत किया।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। लगभग 40 मिनट तक चले इस कार्यक्रम के दौरान कांवड़ियों ने 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष के साथ उत्साह व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि पुष्पवर्षा का उद्देश्य कांवड़ियों के स्वागत के साथ धार्मिक आस्था और श्रद्धा को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोमती नदी के जलस्तर का भी जायजा लिया। सावन के अवसर पर दंडेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कांवड़ियों ने मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति के जयघोषों से गुंजायमान रहा।
पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालुओं ने इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित