अमेठी , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शनिवार को एक युवक का झुलसा हुआ शव नहर की पटरी के पास मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सुक्खा का पुरवा गांव के पास नहर की पटरी पर शनिवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 25 वर्षीय अनुज सोनी पुत्र स्व. शिव प्रसाद सोनी के रूप में कराई।
परिजनों के अनुसार अनुज शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकला था। दोपहर बाद ग्रामीणों ने नहर के किनारे उसका शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। अनुज छह भाइयों और एक बहन में था। उसके पिता शिव प्रसाद सोनी की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।
ग्राम प्रधान ने युवक के चेहरे पर किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया था या नहीं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह, टीकरमाफी चौकी प्रभारी और सीओ मनोज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित