अमेठी , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में पेट्रोल लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान ग्रामीणों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई तथा मौके पर पहुंची पुलिस से भी नोकझोंक और झड़प की स्थिति बन गई। घटना भेलाई कला गांव स्थित सुंदरी नारायण फिलिंग स्टेशन (इंडियन ऑयल) की है, जहां पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतार लगी थी। आरोप है कि पूरे जमाल मजरे भेलाई कला निवासी अब्बू सैफ नामक युवक को 25 लीटर की मांग के बावजूद केवल 5 लीटर पेट्रोल दिया गया, जबकि अन्य लोगों को अधिक मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा था। इससे नाराज होकर युवक ने विरोध किया, जो बाद में कहासुनी और मारपीट में बदल गया।

देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे हालात और बिगड़ गए। सूचना पर पहुंची मोहनगंज पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस से भी झड़प हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को भी घेर लिया।

थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि हल्का इंचार्ज की तहरीर पर पांच नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित