अमेठी , जून 12 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की मेदन मवई ग्राम पंचायत की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी का नाम गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जिलाधिकारी संजय चौहान ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया था। इसी सूची में स्मृति ईरानी का नाम नहीं पाया गया, जबकि इससे पहले हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी के इसी मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग भी किया था।
गौरतलब है कि स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराकर अमेठी सीट पर जीत दर्ज की थी। सांसद बनने के बाद उन्होंने अमेठी के मेदन मवई गांव में अपना आवास भी बनवाया था, जिसके बाद उनका नाम स्थानीय मतदाता सूची में शामिल किया गया था।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम पुनः शामिल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवेदन पत्र दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उचित सत्यापन के बाद नाम जोड़े जाने का आश्वासन दिया है।
वहीं, जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मतदाता सूची से नाम हटने के पीछे क्या कारण रहा।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं और मतदाता सूचियों की शुद्धता को लेकर विभिन्न जिलों से शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में पूर्व केंद्रीय मंत्री का नाम सूची से गायब होना प्रशासनिक स्तर पर गंभीर चूक के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित