अमेठी , फरवरी 22 -- अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में शारदा सहायक खंड-49 नहर में रविवार को लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बहता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार जामो थाना क्षेत्र के मूघी गांव के पास शारदा सहायक खंड-49 नहर में ग्रामीणों ने एक युवक का शव बहते देखा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के मुताबिक शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है और आधे से अधिक शरीर काला पड़ चुका है। युवक ने लाल टी-शर्ट के ऊपर काली शर्ट पहन रखी थी। चेहरा काला पड़ जाने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक जामो विनोद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित