अमेठी , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी में जीएनएम अंतिम वर्ष की छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा की मौत को प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताने वाली पुलिस ने दूसरे दिन मृतका की मां की तहरीर पर कॉलेज के प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच और विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्रावास में शुक्रवार को जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा दीप्ति यादव का शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। दीप्ति सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव की निवासी थी।
मृतका की मां सुनीता यादव ने मुंशीगंज थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार को उनकी बेटी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। दीप्ति ने बताया था कि रक्षाबंधन पर परिवार के लोग नहीं आएंगे और छोटी बहन से भाई को राखी बंधवा देने की बात कही थी।
सुनीता के अनुसार दोपहर बाद कॉलेज की वार्डन नेहा शुक्ला का फोन आया और बताया गया कि उनकी बेटी की तबीयत गंभीर है तथा उन्हें तत्काल मुंशीगंज आने को कहा गया। इसके बाद वह अपने पति और अन्य परिजनों के साथ कॉलेज के लिए रवाना हुईं। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से फोन कर उन्हें मुंशीगंज थाने पहुंचने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि करीब 2:30 बजे जब वह पति और अन्य परिजनों के साथ नर्सिंग कॉलेज पहुंचीं तो वार्डन ने उन्हें बताया कि दीप्ति ने फांसी लगा ली है और उसका शव पुलिस ले गई है। वार्डन के अनुसार जिस कमरे में घटना हुई थी, उसका दरवाजा अंदर से बंद था और उसे तोड़कर शव बाहर निकाला गया था।
मृतका की मां का आरोप है कि जब परिजन मौके पर पहुंचे तो जिस कमरे में दीप्ति का शव मिलने की बात कही गई थी, वहां उन्हें घटना से संबंधित स्थिति दिखाई नहीं दी। उनका यह भी आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल और वार्डन ने शव दिखाए बिना ही उसे पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया।
सुनीता यादव ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत करने के बाद उसकी हत्या की गई है और परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव को वहां से हटा दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। मृतका के माता-पिता दोनों दिव्यांग बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित