अमेठी , अक्टूबर 06 -- अमेठी में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वोट चोर, गद्दी छोड़ के लगाए नारे लगाए।
पार्टी के जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने पत्रकारों से कहा कि पूरे देश में चुनाव आयोग का भ्रष्टाचार फैला हुआ है। चुनाव आयोग के कारण लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उस व्यक्ति को बचाने का काम कर रही है जिसने देश के संविधान को खतरे में डाला है।
सपा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के लिए वोट चोरी करने का काम कर रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उसी को लेकर हम लोग यहां पर धरना-प्रदर्शन का काम कर रहे हैं।जब तक चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा नहीं होता और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती,तब तक सड़कों पर धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित