अमेठी , फरवरी 5 -- अमेठी जिले के पिंडोरिया गांव में गुरुवार को जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति योजना का शुभारंभ किया गया। सपा विधायक महाराजी प्रजापति ने फीता काटकर योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से करीब पांच हजार ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे पानी की समस्या में राहत मिलने के साथ जलजनित बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
जल अर्पण कार्यक्रम में विधायक महाराजी प्रजापति ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की 'हर घर जल' योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे लोगों को शुद्ध पानी मिलेगा और स्वास्थ्य बेहतर होगा। वहीं, जल निगम के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राव ने बताया कि 511.52 लाख रुपये की लागत से संचालित इस योजना के तहत 4434 लाभार्थी जुड़ चुके हैं और 919 घरों में जल संयोजन के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। योजना की कार्यदायी संस्था गायत्री रामकी प्रोजेक्ट लिमिटेड है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में उत्साह देखा गया। महिलाओं ने कहा कि अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और गांव में साफ पानी मिलने से बीमारियों में कमी आएगी। कार्यक्रम अर्पण ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सहयोग से पानी की टंकी परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित