अमेठी , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा, प्रभावी अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस महानिदेशक का प्रतिष्ठित प्रशंसा चिह्न गोल्ड प्रदान किया गया है। उनकी अगुवाई में चलाए गए 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में अमेठी पुलिस को विशेष पहचान दिलाई है।
मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली निवासी सरवणन टी. वर्ष 2019 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से संबंधित हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने वाले सरवणन टी. को तकनीक आधारित पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई में प्रभावी समाधान के लिए जाना जाता है।
अमेठी में नियुक्ति से पूर्व वाराणसी में तैनाती के दौरान उन्होंने साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया था। साइबर अपराध विश्लेषण में दक्षता के बल पर उन्होंने कई संगठित साइबर गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की थी।
अमेठी का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए जिले में अपराध पर अंकुश लगाना था। अभियान के तहत एक मार्च 2026 से अब तक 778 वांछित अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान आठ मुठभेड़ भी हुईं।
पुलिस के अनुसार अभियान के तहत 47 अपहृत नाबालिग बालिकाओं और 15 गुमशुदा महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिससे कई परिवारों को राहत मिली।
सरवणन टी. ने बताया कि 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' महाभारत की रणनीति से प्रेरित एक स्थानिक एवं समयगत सर्विलांस मॉडल है। इसके लिए जिले में पिछले तीन वर्षों के संपत्ति संबंधी अपराधों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया और उसके आधार पर प्रमुख मार्गों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग व्यवस्था विकसित की गई। इस रणनीति के तहत अपराध करने के बाद भागने वाले संदिग्धों को पुलिस जांच चौकियों से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से जिले में अपराध के ग्राफ में कमी दर्ज की गई है। इसी उपलब्धि को देखते हुए उन्हें पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न गोल्ड प्रदान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित