श्रीगंगानगर , मई 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न से कुछ लोगों द्वारा व्यवस्थित और संगठित तरीके से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाषचंद्र ढील ने गुरुवार को बताया कि अमेज़न सेलर सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के सुरक्षा प्रबंधक राजेश कुमार जाट ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें फर्जी खातों के जरिए महंगे उत्पादों का ऑर्डर करके उन्हें प्राप्त करने के बाद झूठे धन वापसी का दावा करने की बात कही गई है।

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अमेज़न कंपनी से संबंधित पूरा रिकॉर्ड और डेटा मांगा है। इस डेटा का विश्लेषण करने के बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी। थाना प्रभारी खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित