मुंबई , सितंबर 09 -- अमेजन पे और कोटक महिंद्रा बैंक ने बुधवार को एकल स्वामित्व वाले और छोटे कारोबारियों के लिए अमेजन पे कोटक बिज़नेस क्रेडिट कार्ड पेश करने की घोषणा की।
दोनों की ओर से जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह कार्ड अमेजन बिज़नेस पर पंजीकृत यूजर के लिए उपलब्ध होगा। अमेजन बिजनेस वह प्लेटफॉर्म है, जहां से लाखों भारतीय कारोबारी डिजिटल तरीके से खरीदारी करते हैं। इस कार्ड पर कैशबैक रिवॉर्ड भी मिलेंगे और ब्याज-मुक्त क्रेडिट अवधि भी लंबी रहेगी। इससे उद्यमियों को अपनी कारोबारी खरीद के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी और उनकी कार्यशील पूंजी भी बची रहेगी।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश के एमएसएमई क्षेत्र में उद्यम पोर्टल पर 9.4 करोड़ से अधिक इकाइयां पंजीकृत हैं। यह क्षेत्र देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 30 प्रतिशत से ज्यादा योगदान देता है। इसके बावजूद बहुत से छोटे कारोबारियों तक ऐसे औपचारिक क्रेडिट उत्पाद नहीं पहुंच पाते जो विशेष रूप से उनकी कारोबारी जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हों। उद्यमी अब डिजिटल खरीद, जीएसटी के नियमों के मुताबिक रिकॉर्ड रखने और व्यवस्थित वित्तीय प्रक्रियाओं को तेजी से अपना रहे हैं। ऐसे में उन समाधानों की मांग बढ़ रही है, जिनसे वे अपने खर्च, नकदी प्रवाह और कारोबारी कामकाज पर बेहतर पकड़ बना सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित