भोपाल , मई 13 -- मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखने वाले विदिशा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है।

भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विदिशा रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण एवं उन्नयन कार्य लगभग 29.46 करोड़ रुपये की लागत से किया गया हैं। योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, सुविधा युक्त एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु विभिन्न विकास कार्य किये गये हैं।

योजना के अंतर्गत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। प्लेटफार्म क्रमांक 1, 2, 3 एवं 4 पर शेड की व्यवस्था विकसित की गयी है तथा सभी प्लेटफॉर्मों पर शेड विस्तार का कार्य भी किया गया है। स्टेशन के अग्रभाग एवं आंतरिक हिस्सों का उन्नयन कर उन्हें आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालयों एवं शौचालयों का नवीनीकरण भी किया गया है।

इसके अलावा स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार का विकास कार्य भी किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल रही है। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ाई वाले नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया गया है। साथ ही नए स्टेशन भवन का निर्माण भी किया गया है, जिससे स्टेशन की संरचना अधिक आधुनिक एवं सुविधाजनक हुई है।

उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए स्टेशन को 'दिव्यांगजन अनुकूल' बनाया गया है, जिसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही सुरक्षित आवागमन हेतु स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश की व्यवस्था की गई है।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि वर्तमान में विदिशा स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया गया है। यह स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित