अमृतसर , जुलाई 24 -- पंजाब में अमृतसर सीट से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर श्री अमृतसर साहिब और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के बीच प्रतिदिन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह केवल रेल संपर्क का विषय नहीं, बल्कि देशभर के लाखों सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है।
सांसद श्री औजला ने शुक्रवार को अपने पत्र में कहा कि पिछले कई महीनों से उन्हें विभिन्न सिख जत्थों, संत-महापुरुषों, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, धार्मिक संगठनों और हजारों श्रद्धालुओं की ओर से इस रूट पर आधुनिक, तेज और आरामदायक स्लीपर ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग संबंधी ज्ञापन प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ सिख धर्म के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में शामिल हैं। हर वर्ष पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए इस मार्ग पर यात्रा करते हैं। बढ़ती यात्री संख्या के कारण मौजूदा रेल सेवाओं पर दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे आधुनिक स्लीपर ट्रेन की आवश्यकता और अधिक महसूस की जा रही है।
श्री औजला ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि अमृतसर-नांदेड़ मार्ग पर जल्द से जल्द प्रतिदिन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाये। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ट्रेन के प्रस्थान और आगमन का समय दिन या शाम के दौरान रखा जाये, ताकि श्रद्धालुओं, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों को देर रात या तड़के यात्रा करने में असुविधा न हो।
सांसद ने उम्मीद जतायी कि रेलवे मंत्रालय सिख समुदाय की लंबे समय से लंबित इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए दोनों पवित्र तख्तों के बीच तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित