अमृतसर , अगस्त 25 -- पंजाब पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में एक सीमा पार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क से आरोपियों के संपर्क में होने की आशंका सामने आयी है। आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े हुए थे। इस संबंध में थाना लोपोके में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक) का पता लगाने में जुटी है। साथ ही सीमा पार हैंडलरों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने तथा पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त राज्य बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित