अमृतसर , मई 21 -- पंजाब में नशा और संगठित अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी सिंह और हरजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र के गांव रोखे के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार बैठे तस्कर के संपर्क में थे, और पंजाब में आगे आपूर्ति करने के लिए हथियार और गोला-बारूद की खेप प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बॉबी और हरजीत हाल ही में हथियारों और गोला-बारूद की खेप लेकर आये हैं और गांव काले घनूपुर के पास बाईपास हाईवे क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति को यह खेप पहुंचाने जा रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किये गये। पूछताछ के दौरान आरोपी बॉबी सिंह के खुलासे पर गांव भाखा तारा सिंह से 5.5 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की गयी। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और सभी संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर थाने में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 भी मामले में जोड़ी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित