अमृतसर , जून 11 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम (24) निवासी फतेह सिंह कॉलोनी, अमृतसर, कबीर उर्फ काकू (22) निवासी छेहर्टा, अमृतसर, समीर उर्फ सबरवाल (18) निवासी अमृतसर, गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा (18) निवासी ऑर्किड वैली, अमृतसर तथा दो नाबालिगों के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कबीर उर्फ काकू का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पहले से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नामजद रह चुका है। पुलिस ने हेरोइन की खेप के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल आरोपी नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कर रहे थे।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की खेप पंजाब पहुंचाने का काम कर रहा था। आरोपी उसके निर्देशों पर तय स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर पंजाब के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति करते थे। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने, वित्तीय लेन-देन की जांच करने तथा संभावित हवाला संबंधों का पता लगाने में जुटी हुई है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने गौतम और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। गौतम से पूछताछ के बाद कबीर उर्फ काकू, समीर उर्फ सबरवाल और गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

श्री भुल्लर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि दुबई में बैठा तस्कर इस पूरे ड्रग नेटवर्क का मास्टरमाइंड है और वह एनडीपीएस एक्ट के तीन बड़े मामलों में वांछित है। इनमें 42 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी और 10 किलोग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) बरामदगी के मामले भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी दुबई से संचालित होकर युवाओं और नाबालिगों को पैसों का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करता था तथा उनसे नशीले पदार्थों की खेप उठवाने, ढुलाई और वितरण का काम करवाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित