अमृतसर , अगस्त 01 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग, अमृतसर ने सीमा पार संचालित मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था, जिसके तार सीमा पार सक्रिय ड्रग तस्करों से जुड़े हैं। आरोपी की भूमिका भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में पहुंचाई गई हेरोइन की खेप प्राप्त कर उसे पंजाब के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की थी।

डीजीपी यादव ने कहा कि इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपी के नेटवर्क, पूरे तस्करी गिरोह की पहचान तथा पहले पकड़े जा चुके ड्रग मॉड्यूल से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित