अमृतसर , अक्तूबर 19 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्तौल और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हथियारों में तीन ग्लॉक 9 एमएम और सात .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोप है कि ये तस्कर उन्हें अवैध हथियार मुहैया कराते थे, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था। इस संबंध में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने कहा कि अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को खत्म करने तथा सुरक्षित और नशामुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित