अमृतसर , अक्टूबर 22 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई ने अमृतसर में नशा तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी तस्करों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर जिले के हरगोबिंद एवेन्यू निवासी सुखराज सिंह, खंडवाला निवासी अजीतपाल सिंह उर्फ मोटा, जवाहर नगर निवासी अनमोलप्रीत सिंह और चोगावां गांव निवासी रॉबिन गिल के रूप में हुई है। पुलिस ने हेरोइन की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर को सूचना मिली थी कि विदेश में बैठा एक तस्कर अपने साथियों के माध्यम से हेरोइन की बड़ी खेप मंगवाकर आगे पहुंचाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घनुपुर काले गांव में डेरा बाबा दर्शन सिंह के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी पर जा रहे चारों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
श्री यादव ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस खेप के स्रोत और इसे आगे पहुंचाने वाले लोगों सहित पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सीमा पार से संचालित नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में 22 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत प्राथमिकी संख्या 67 दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित