अमृतसर , फरवरी 9 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को सीमा पार के हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल के पांच कार्यकर्ताओं को छह आधुनिक पिस्तौल, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ मन्नू , गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी , सुखराज सिंह उर्फ जोगा और साजन सिंह उर्फ गुरसाजन सिंह उर्फ लड्डा - सभी निवासी गांव रोड़ा वाला कलां (अमृतसर) तथा अमृतसर के गांव रणीके के निवासी मोलकदीप सिंह के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एम.एम. ग्लॉक, तुर्की निर्मित एक जिगाना, दो .32 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल सहित 10 कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग वे तस्करी के लिए करते थे।
डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियारों एवं नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर रहे थे। इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए जांच जारी है।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी सिमरनजीत उर्फ मन्नू, मोलकदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह आदतन अपराधी है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामलों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच से यह भी पता लगा है कि आरोपी सिमरनजीत उर्फ मन्नू दुबई में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। पुलिस टीमें इस नेटवर्क के वित्तीय ट्रेल और हवाला लिंक की भी जांच कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित