अमृतसर, 23 जुलाई ,(वार्ता ) अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौल, एक किलोग्राम हेरोइन, एक किलोग्राम अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक विदेशी हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। यही हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी कराकर उन्हें पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
श्री यादव ने कहा कि जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के सभी लिंक खंगाल रही हैं, ताकि विदेशी हैंडलरों से जुड़े अन्य सहयोगियों और पूरे तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने कहा कि सीमा पार से संचालित हथियार और नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने तथा पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित