अमृतसर , सितंबर 16 -- पंजाब में अमृतसर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलोग्राम हेरोइन, विदेशी निर्मित अत्याधुनिक .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई स्थित एक संचालक और सीमा पार सक्रिय तस्करों के साथ समन्वय में काम कर रहे थे। आरोपी कथित तौर पर दुबई स्थित संचालक के निर्देश पर नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप आगे पहुंचाते थे। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

श्री यादव ने कहा कि तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ियों का पता लगाने, इसके पीछे और आगे जुड़े लोगों की पहचान करने तथा नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इसके साथ ही सीमा पार से होने वाली तस्करी पर कड़ी निगरानी रखते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की आपूर्ति और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित