अमृतसर , अक्टूबर 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अमृतसर शहरी जिला अध्यक्ष सलील कपूर ने शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की खस्ताहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने नाग कलां और बल्ल कलां औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क निर्माण के नाम पर कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
श्री कपूर ने शुक्रवार को कहा कि इन दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण पर 581.76 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन आरोप है कि काम में घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय उद्योगपतियों ने स्वयं निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद इसकी शिकायत की है। उनके अनुसार, उचित सफाई और पानी का छिड़काव किए बिना मिट्टी और मलबे के ऊपर केवल नाममात्र की तारकोल की परत बिछाई जा रही है, जो हल्का स्पर्श करने पर ही उखड़ रही है। उन्होंने इसे सरकारी धन की बर्बादी बताते हुए कहा कि यह परियोजना दो साल से अधिक समय से लंबित है। श्री कपूर ने आरोप लगाया कि स्वीकृत नक्शे के बावजूद कई महत्वपूर्ण औद्योगिक गलियों को निर्माण कार्य से बाहर रखा गया है, जबकि कई सड़कों का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण उद्योगपतियों को परेशानी हो रही है और इससे पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र को नुकसान पहुंच रहा है।
भाजपा नेता ने मांग की कि ठेकेदार के सभी लंबित बिलों और अंतिम भुगतान पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही सड़कों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए और निर्माण कार्य का स्वतंत्र गुणवत्ता ऑडिट करवाया जाए। उन्होंने कहा कि उचित सड़कों के अभाव में माल की ढुलाई और औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलाना मुश्किल है। कपूर ने ठेकेदार के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने तथा पूरी परियोजना को स्वीकृत अनुमानों के अनुसार दोबारा तैयार कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित