अमृतसर , मार्च 27 -- पंजाब में अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई ने सीमा पार से होने वाली हथियारों की तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 10 विदेशी निर्मित अत्याधुनिक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर और पाकिस्तान स्थित तस्करों के समन्वय से काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हथियारों की यह खेप पंजाब भर में आपराधिक तत्वों के बीच वितरित की जानी थी।
श्री यादव ने कहा कि अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इसके 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' (यानी हथियार कहां से आये और किन्हें दिये जाने थे) की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित