अमृतसर , जून 21 -- पंजाब में अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) और काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े एक आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन विदेशी निर्मित अत्याधुनिक पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे। ये गैंगस्टर पंजाब में गैंगवार, रंगदारी वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी उनके निर्देशों पर हथियारों की खेप पहुंचाने और विभिन्न आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का काम करते थे।

डीजीपी यादव ने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मामले तथा बटाला में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब जांच का फोकस पूरे नेटवर्क का पता लगाने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने, आरोपियों की पूर्व आपराधिक गतिविधियों की जांच करने तथा विदेश में बैठे हैंडलरों के इशारे पर संचालित संगठित अपराध सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित