अमृतसर , जून 16 -- पंजाब सरकार के 'मिशन क्लीन पंजाब' को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार सुबह एक बजे अमृतसर के वॉल्ड सिटी क्षेत्र का दौरा कर नव शुरू किये गये रात्रिकालीन सफाई अभियान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री बैंस ने कहा कि अमृतसर केवल एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है। उन्होंने बताया कि पहली बार शहर में रात 10 बजे से देर रात दो बजे तक विशेष सफाई शिफ्ट चलाई जा रही है, ताकि श्री हरिमंदिर साहिब में अमृत वेले दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दिन का अभियान नहीं है। वह किसी भी रात अचानक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि पवित्र नगरी को पूरी तरह स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों, कूड़ा संग्रहण स्थलों तथा संकरी गलियों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहले चिन्हित खुले कूड़ा डंपिंग स्थलों को हटाया जा चुका है और अब इन क्षेत्रों को पूरी तरह साफ रखने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेरिटेज स्ट्रीट को फिर से चमकदार बनाया जाएगा और वॉल्ड सिटी के प्रमुख मार्गों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, कूड़ा स्थलों के हटने से सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की समस्या भी कम होगी।
श्री बैंस ने कहा, "मैं इस पवित्र शहर की सड़कों पर एक भी रैपर, लिफाफा या प्लास्टिक की बोतल नहीं देखना चाहता।" उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों की बालकनियों और छतों से कचरा सड़क पर न फेंकें, क्योंकि इससे सफाई कर्मचारियों की मेहनत बेकार हो जाती है। उन्होंने कहा कि जब पूरा शहर सो रहा होता है, तब सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभा रहे होते हैं। ऐसे में नागरिकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
इससे पहले सुबह आठ बजे भी श्री बैंस ने स्थानीय विधायक, मेयर, नगर निगम आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब दफ्तरों में बैठकर नहीं, बल्कि सड़कों पर उतरकर चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे उनके रात्रि निरीक्षण का वीडियो साझा कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जागरूकता बढ़ायें। उन्होंने कहा कि अमृतसर जितना स्वच्छ होगा, उतने ही अधिक श्रद्धालु और पर्यटक यहां आएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित