अमृतसर , फरवरी 28 -- पंजाब में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सीमा पार से संचालित होने वाले संगठित मादक पदार्थ और अवैध हथियार तस्करी के दो मॉड्यूल्स का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5.438 किलोग्राम हेरोइन, तीन अत्याधुनिक पिस्तौल, 34 कारतूस और 4500 (ड्रग मनी) बरामद की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे।

डीजीपी ने कहा कि हेरोइन और अवैध हथियारों को भारतीय क्षेत्र में तस्करी कर लाया जा रहा था और फिर एक सुव्यवस्थित नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में वितरित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए इनके अगले और पिछले संपर्कों को खंगाल रही है। पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कायम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित