अमृतसर , मई 20 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) और चार किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और अबूधाबी में सक्रिय एक विदेशी ड्रग तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब तथा दिल्ली में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे हेरोइन और आइस की खेपों की ढुलाई और सप्लाई संबंधी प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद वह माझा और दोआबा क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करने में जुटा हुआ था।
श्री यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना छेहरटा, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके, आपूर्ति श्रृंखला के आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा सकें तथा अन्य बरामदगियों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित