अमृतसर , जून 22 -- विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से आयोजित किये जाने वाले आगामी पल्स पोलियो राउंड को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिला प्रशासनिक परिसर, अमृतसर में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गयी। बैठक का आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह के निर्देशों पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला राजस्व अधिकारी मनकीरत सिंह रंधावा ने की। बैठक में सिविल सर्जन डॉ रश्मि विज ने अभियान की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी।

सिविल सर्जन डॉ. रश्मि विज ने बताया कि जिले में 28, 29 और 30 जून 2026 को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों का सहयोग बेहद आवश्यक है। इस अभियान में जिला परिषद, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, बिजली विभाग, शिक्षा विभाग, नर्सिंग कॉलेजों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, पंचायत राज संस्थाओं, पंजाब रोडवेज और पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त देश का दर्जा मिल चुका है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाये रखने के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाये जाते हैं, ताकि बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

डॉ. विज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिये हैं। उन्होंने जिले के सभी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों और शहरी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये कि जन्म से लेकर पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंदों से वंचित न रहे।

अभियान के तहत जिले में लगभग 2,87,498 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,193 पोलियो बूथ स्थापित किये जाएंगे, जबकि 2,386 टीमें बच्चों तक पहुंचकर दवा पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 255 सुपरवाइजर तैनात किये जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 से 30 जून के दौरान अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवायें, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाये रखने के प्रयासों को और मजबूत किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित