अमृतसर , मार्च 25 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात किलो हेरोइन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इंद्रजीत सिंह (निवासी कलसियां खुर्द, तरनतारन) और रविंदर शर्मा (निवासी गुरबख्श नगर, अमृतसर) के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी एक मारुति सुजुकी ब्रेज़ा कार और एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिनका उपयोग तस्करी के लिए किया जा रहा था।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी हेरोइन की खेप पहुँचाने के काम में सक्रिय थे और संभावना है कि वे इस क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े नार्कोटिक्स नेटवर्क का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विशिष्ट सूचना मिली थी कि संदिग्ध इंद्रजीत सिंह और रविंदर शर्मा अमृतसर-झबाल रोड पर स्थित अड्डा बोहरू के पास नदी के किनारे वाले रास्ते पर हेरोइन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी देने के लिए आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, "त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने उक्त स्थान के आसपास नाकाबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोक लिया।" तलाशी के दौरान इंद्रजीत सिंह की कार की ड्राइवर सीट के नीचे से चार किलो हेरोइन और रविंदर शर्मा के पास से तीन किलो हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में जांच जारी है। इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित