अमृतसर , जून 09 -- पंजाब पुलिस ने राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार संचालित आतंकी नेटवर्क से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव चुंघ निवासी दविंदर सिंह और सुरसिंह निवासी राजविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद करने के साथ उनकी हुंडई वर्ना कार भी जब्त कर ली है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे। हैंड ग्रेनेड की बरामदगी इस बात की ओर संकेत करती है कि पंजाब में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था को भंग करने की बड़ी साजिश रची जा रही थी। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए सभी संपर्कों का पता लगा रही है।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि दोनों आरोपियों ने सीमा पार बैठे अपने हैंडलरों द्वारा भेजी गई विस्फोटक सामग्री की खेप हासिल की है और राज्य में आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी जांच गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीमों ने खुफिया अभियान चलाया और खासा क्षेत्र में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनकी कार से दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।

एसएसपी चहल ने कहा कि शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी अपने विदेशी हैंडलरों के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहे थे। मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का संपर्क अमृतसर जेल में बंद हरवंत सिंह उर्फ हैरी के माध्यम से विदेशी हैंडलरों से हुआ था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हरवंत सिंह के सहयोगियों तक हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचाने में भी शामिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित