अमृतसर , अगस्त 19 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ अवैध पिस्तौल, 8.536 किलोग्राम हेरोइन, 12.95 लाख रुपये की ड्रग मनी और चार कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियार और नशे से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्हें विदेश से अवैध हथियार और हेरोइन की खेप मिलती थी, जिसे वे आगे अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।
इस संबंध में अमृतसर के कैंटोनमेंट और छेहरटा थानों में तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। पुलिसअब आरोपियों के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन नेटवर्कों में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा विदेशों में बैठे इनके संचालकों और स्थानीय तस्करों के बीच किस तरह संपर्क और आपूर्ति का तंत्र काम कर रहा था।
श्री यादव ने कहा कि जांच का उद्देश्य केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नशा तस्करी और अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क को ध्वस्त करना है। उन्होंने दोहराया कि सीमा पार से संचालित नशा और अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्य को सुरक्षित तथा नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित