अमृतसर , जून 14 -- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में इनके कब्जे से कुल 5.041 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि इससे पहले इसी मामले में तीन नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मामले की जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से 2.006 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इससे तस्करी नेटवर्क के गहरे संबंधों का खुलासा हुआ है।

श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की खेपें मंगवाने और सप्लाई कराने में कथित रूप से भूमिका निभा रहा था। एक अन्य अलग अभियान में पुलिस ने एक और आरोपी के कब्जे से 3.035 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क के संचालन और उसके अन्य संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित