अमृतसर , सितंबर 15 -- पंजाब के अमृतसर में महान सिंह गेट इलाके में बंद कमरे में जेनरेटर चलाने से पांच लोग बेहोश पाए गए जिन्हें बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान 55 वर्षीय जोगिंदर सिंह की मौत हो गई और चार अन्य लोगों का उपचार जारी है।
अस्पताल में भर्ती अन्य लोगों की पहचान हीरा लाल, सुखदेव, आशीष दीप और जगजीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम एक लॉटरी की दुकान की तीसरी मंजिल पर बने बंद कमरे में हुई। कमरे में जेनरेटर रखा हुआ था और वहां पांच लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान जनरेटर से निकले धुएं अथवा गैस के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और सभी बेहोश हो गए।
सूचना मिलने पर बी-डिवीजन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। एएसआई शरणजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस यह पता लगा रही है कि जेनरेटर से किस प्रकार की गैस निकली और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित