अमृतसर , जनवरी 21 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े एक सीमा पार अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से छह आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान तरनतारन के रट्टोके गांव के रहने वाले गुरप्रीत सिंह उर्फगोपी और तरनतारन की चेला कॉलोनी के रहने वाले सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से दो ग्लॉक पिस्तौल और चार .30 बोर पिस्तौल के साथ दो कारतूस बरामद किये हैं।
श्री यादव ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल थे और विदेश में बैठे हैंडलर के निर्देश पर गैंगस्टरों को हथियार आपूर्ति कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संपर्क स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए, अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अवैध हथियारों की आवाजाही के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद, पुलिस टीमों ने संदिग्ध गुरप्रीत उर्फ गोपी को पकड़ा और उसके पास से चार पिस्तौल के साथ दो कारतूस बरामद किये। उन्होंने कहा कि लगातार पूछताछ में पता चला कि आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के सीधे संपर्क में था और इन हथियारों को गैंगस्टरों को आगे सप्लाई करने के लिए ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहा था।
श्री भुल्लर ने बताया कि गुरप्रीत उर्फ गोपी के खुलासों के आधार पर, पुलिस टीमों ने उसके साथी सुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है और उसके पास से दो पिस्तौल बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि सुरजीत सिंह इसी नेटवर्क के हिस्से के तौर पर अलग-अलग जगहों पर अवैध हथियार पहुंचाने और डिलीवर करने में सक्रिय रूप से शामिल था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित